छत्तीसगढ़

राजपूत क्षत्रिय महासभा का 62वां वार्षिक महाअधिवेशन डोंगरगांव में 28-29 मार्च को

रायपुर / राजपूत क्षत्रिय महासभा छत्तीसगढ़ का दो दिवसीय 62वां वार्षिक महाअधिवेशन जन सहयोग मैदान, मिनी स्टेडियम, डोंगरगांव (रायनांदगांव जोन) में 28 और 29 मार्च 2026 को आयोजित होगा।

महासभा के प्रचार सचिव एवं मीडिया प्रभारी आदर्श राजपूत ने बताया कि कार्यक्रम के प्रथम दिन 28 मार्च को प्रातः 10 बजे महाराणा प्रताप ज्योति कलश रथ यात्रा का स्वागत एवं ध्वजारोहण किया जाएगा। उद्घाटन समारोह के बाद दोपहर 12 से 3 बजे केंद्रीय महिला मंडल द्वारा परिचय सम्मेलन, कैरियर काउंसलिंग एवं अन्य कार्यक्रम होंगे।

दोपहर 3 बजे विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें पुरुषों के लिए चूड़ीदार-पजामा, धोती-कुर्ता, शेरवानी और केसरिया पगड़ी, तथा महिलाओं के लिए केसरिया या लाल साड़ी पहनना अनिवार्य होगा। शोभायात्रा नगर भ्रमण के पश्चात अधिवेशन स्थल लौटेगी। इसके बाद केंद्रीय पदाधिकारियों का स्वागत, महासभा अध्यक्ष ठाकुर बजरंग सिंह बैस का उद्बोधन, अतिथियों का सम्मान और वार्षिक पत्रिका “शौर्य 2026” का विमोचन होगा।

स्वर्गीय मनमोहन सिंह बघेल स्मृति में 12वीं बोर्ड परीक्षा में सर्वोच्च स्थान प्राप्त छात्र को सम्मानित किया जाएगा। सभी 37 उप समितियों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार, मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। रात्रि 9 बजे महाराणा प्रताप सांस्कृतिक एवं कला परिषद द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा।

महाअधिवेशन के दूसरे दिन 29 मार्च को प्रातः 9 बजे रंगोली, मेहंदी, पुष्प सज्जा और आरती की थाल सजाओ कार्यक्रम होंगे। समाज को बाहरी आडंबर से बचाने हेतु एक दिवसीय सामूहिक विवाह वैदिक रीति से संपन्न होगा। मंचीय कार्यक्रम में महासचिव एवं कोषाध्यक्ष का वार्षिक प्रतिवेदन, प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान और अतिथियों का सम्मान शामिल है।

महासभा अध्यक्ष ठाकुर बजरंग सिंह बैस ने बताया कि महाअधिवेशन में लगभग 20,000 राजपूत शामिल होंगे। कार्यक्रम के दोनों दिन स्वास्थ्य परीक्षण और रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।

आवास व्यवस्था हेतु अंबेडकर भवन, पटेल भवन, निषाद भवन, यादव भवन, कर्मा भवन, संस्कृतिक भवन और महिलाओं के लिए एयर कंडीशनर जैन भवन आरक्षित हैं।

कार्यक्रम की सफल संचालन हेतु स्वागत समिति, मंच संचालन समिति, भोजन एवं बैठक व्यवस्था, शोभायात्रा समिति, मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिता समिति, मंच व्यवस्था, प्रचार-प्रसार, चिकित्सा व्यवस्था, वाहन पार्किंग, महिला आवास, विद्युत एवं जल व्यवस्था, परिचय-पत्र एवं पूछताछ जैसी समितियां बनाई गई हैं।

महासभा ने उपस्थित सभी सदस्यों, पदाधिकारियों और समाज के लोगों से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

अगला 63वां वार्षिक महाअधिवेशन बिलासपुर जोन में आयोजित होगा।

संपर्क:
डॉ. जितेंद्र सिंह ठाकुर
प्रचार सचिव, राजपूत क्षत्रिय महासभा, छत्तीसगढ़
मोबाइल: 9826111424, 9685070836

Related Articles

Back to top button