
प्रशासन की लगातार दबिश, 40 प्रकरणों में कार्रवाई—16 वाहन, 10 दुकानें और 3 गोदाम सीज
कवर्धा / छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में धान खरीदी सीजन के बीच अवैध धान की आवक रोकने जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा के निर्देश पर खाद्य व राजस्व विभाग की टीमों ने अब तक 40 प्रकरणों में 6776 क्विंटल अवैध धान जप्त किया है। जप्त धान का बाजार मूल्य 31 सौ रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से 2.10 करोड़ रुपये से अधिक आंका गया है। खाद्य विभाग के अनुसार यह धान उपार्जन केंद्रों में खपाने की तैयारी में रखा गया था।
अवैध भंडारण व परिवहन पर लगातार एक्शन
जिले के विभिन्न हिस्सों में छापेमारी कर 16 छोटे-बड़े वाहनों, 10 दुकानों व 3 गोदामों से अवैध धान बरामद किया गया। कई राइस मिलों में भौतिक सत्यापन (स्टॉक वेरिफिकेशन) कर गड़बड़ियाँ पकड़ी गईं। कलेक्टर वर्मा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्तर पर अवैध धान खरीदी या परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सीमावर्ती क्षेत्रों में 24 चेकपोस्ट, निगरानी तंत्र कड़ा
दूसरे राज्यों से अवैध धान की एंट्री रोकने के लिए सीमावर्ती इलाकों में 24 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं जहाँ कर्मचारियों की 24×7 ड्यूटी लगाई गई है। सक्रिय कोचियों, दलालों और अवैध स्टॉक रखने वाले प्रतिष्ठानों की पहचान कर लगातार दबिश दी जा रही है। अभी तक 20 से अधिक राइस मिलों का निरीक्षण किया जा चुका है।
वास्तविक किसानों को मिले लाभ – प्रशासन
खाद्य अधिकारी सचिन मरकाम ने कहा कि अवैध धान की किसी भी प्रकार की आवक रोकने के लिए अभियान सतत रूप से जारी है। उद्देश्य यह है कि वास्तविक और पंजीकृत किसानों को ही शासन की धान खरीदी नीति का लाभ मिल सके।





