
रायपुर / मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय बजट 2026-27 पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे भारत के विकसित, आत्मनिर्भर और समावेशी भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक दस्तावेज बताया है। उन्होंने कहा कि कर्तव्य भवन में प्रस्तुत यह पहला बजट देश के समग्र विकास और प्रत्येक नागरिक के कल्याण को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जिसमें आर्थिक विकास एवं रोजगार सृजन, जनता की अपेक्षाओं की पूर्ति और ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना को केंद्र में रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट गरीब, किसान, युवा, महिला, मध्यम वर्ग और श्रमिक वर्ग के उत्थान के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस बजट से छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों को सीधा लाभ मिलेगा और राज्य के विकास को नई गति मिलेगी।
कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बजट में कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई दूरदर्शी प्रावधान किए गए हैं। किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से एआई और आधुनिक तकनीक के माध्यम से कृषि उत्पादकता बढ़ाने, पशुपालन और डेयरी उद्योग को प्रोत्साहन देने की योजना बनाई गई है। साथ ही महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल के तहत स्थानीय उद्योगों, कुटीर उद्योग और हस्तशिल्प को बढ़ावा देकर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे।
युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बजट में युवाओं के रोजगार पर विशेष फोकस किया गया है। स्टार्टअप, एमएसएमई, मैन्युफैक्चरिंग और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिलने से स्थानीय आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी और युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि विदेश यात्रा और विदेशों में पढ़ाई पहले की तुलना में सस्ती होने से युवाओं को वैश्विक अवसरों का लाभ मिलेगा।
स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल
स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर बजट को ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बायोफार्मा सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे कैंसर, डायबिटीज सहित अन्य गंभीर बीमारियों की दवाइयां सस्ती होंगी। जिला अस्पतालों के उन्नयन, हर जिले में इमरजेंसी और ट्रॉमा सेंटर की स्थापना, मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं और आयुर्वेदिक चिकित्सा को बढ़ावा देने के साथ-साथ मेडिकल टूरिज्म के लिए पांच रीजनल हब स्थापित किए जाएंगे। इससे छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर बेहतर होगा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
महिला सशक्तिकरण को नई दिशा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि लखपति दीदी योजना के विस्तार से महिलाओं को क्रेडिट-लिंक्ड स्वरोजगार, उद्यमिता और स्थानीय बाजारों से जोड़ने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही हर जिले में बालिकाओं के लिए छात्रावास निर्माण की घोषणा से बेटियों को उच्च शिक्षा में सहायता मिलेगी और उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा।
उद्योग, शिक्षा और खेल को बढ़ावा
उन्होंने बताया कि बजट में देश की आर्थिक मजबूती के लिए 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, 20 नए जलमार्ग, बड़े टेक्सटाइल पार्क और 4 राज्यों में खनिज कॉरिडोर की घोषणा की गई है। सेमीकंडक्टर मिशन के लिए 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश से औद्योगिक विकास और रोजगार को नई गति मिलेगी। वहीं खेलो इंडिया मिशन और शिक्षा क्षेत्र में सुधारों से बच्चों और युवाओं को बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
कर सुधार और आम जनता को राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में आयकर प्रक्रिया को सरल बनाया गया है और छोटे करदाताओं के लिए आसान व्यवस्था लागू की गई है। दवाइयां, कपड़े, जूते, मोबाइल, ईवी बैटरी, सोलर उपकरण, बायोगैस-सीएनजी सहित कई रोजमर्रा की वस्तुएं सस्ती होंगी, जिससे आम जनता को सीधी राहत मिलेगी।
अंत में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास’ की भावना को और मजबूत करता है। यह बजट छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में समावेशी विकास सुनिश्चित करेगा। उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस ऐतिहासिक, विकासोन्मुखी और जनकल्याणकारी बजट के लिए हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया।





