बिलासपुर में सराफा कारोबारी से 3.35 करोड़ की लूट मामले में 4 संदिग्ध यूपी से हिरासत में
6 महीने तक रेकी के बाद वारदात, मोबाइल लोकेशन से आरोपियों तक पहुंची पुलिस; कारोबारी का इलाज जारी

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार रात हुई 3.35 करोड़ रुपए की सनसनीखेज लूट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सरकंडा थाना क्षेत्र में राजकिशोर नगर के सराफा कारोबारी संतोष तिवारी से नकद और आभूषण लूटने वाले चार आरोपियों को उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, धरपकड़ के दौरान हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है। इस कार्रवाई में स्थानीय पुलिस ने भी अहम भूमिका निभाई।
कैसे हुई लूट?
संतोष तिवारी की वसंत विहार चौक स्थित महालक्ष्मी ज्वेलरी शॉप है। वे रात लगभग 9 बजे दुकान बंद कर सोने-चांदी के आभूषण कार में रखकर घर लौट रहे थे। घर से कुछ दूरी पर बीएसएनएल ऑफिस गली के तिराहे पर पहले से खड़ी सफेद कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मारी।
जैसे ही वे बाहर निकले, कार सवार हथियारबंद लुटेरों ने उन पर हमला कर दिया। गंभीर चोटें पहुंचाने के बाद लुटेरे लगभग साढ़े तीन करोड़ रुपये के आभूषण, साढ़े तीन लाख नकद और उनकी कार लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने कैसे पकड़ किए आरोपी?
शहर के आउटर इलाके ग्राम उरतुम के पास लूटी गई कार बरामद की गई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान हुई। मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर यूपी की ओर निकलते आरोपियों का पीछा किया गया और वहां की पुलिस से समन्वय स्थापित किया गया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश घायल हुआ।
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और सफेद ईको वैन दोनों चोरी की थीं। बाइक 13 फरवरी को मैनपाट से चोरी हुई थी और ईको वैन एक दिन पहले अकलतरा थाना क्षेत्र से।
6 महीने की योजना और 10 विशेष टीमें
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पिछले छह महीने तक इलाके में रहकर रेकी की थी। लूट की योजना पहले से बनाई गई थी।
लूट की रकम और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 विशेष टीमें बनाई गई थीं। तीन टीमें यूपी, बिहार और झारखंड रूट पर सक्रिय रहीं। एक टीम होटल और लॉज में आरोपियों की संभावित मौजूदगी की जांच करती रही। अन्य टीमें सीसीटीवी फुटेज, टॉवर डंप डेटा, फिंगरप्रिंट और एफएसएल रिपोर्ट के आधार पर साक्ष्य जुटाने में लगी रहीं।
कारोबारी की स्थिति
संतोष तिवारी को सिर में गंभीर चोटें आईं, लगभग 50 टांके लगाए गए हैं। उन्हें ऑपरेशन थिएटर में इलाज के बाद आईसीयू में शिफ्ट किया गया है।
पुलिस का कहना है कि घायल आरोपी से पूछताछ के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों और लूट की पूरी रकम की बरामदगी के बारे में और खुलासे हो सकते हैं।





