जांजगीर-चांपा में खाद्य विभाग का ताबड़तोड़ एक्शन: होटल-ढाबों में छापा, भारी मात्रा में गैस सिलेंडर जब्त
अवैध भंडारण और घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर सख्ती, कई प्रतिष्ठानों पर छापामार कार्रवाई

जांजगीर-चांपा | 20 मार्च 2026
जिले में घरेलू गैस सिलेंडर के अवैध भंडारण और व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाने के लिए खाद्य विभाग ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर छापामार कार्रवाई की गई।

खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, संयुक्त टीम ने अकलतरा विकासखंड के ग्राम पंचायत अमरताल स्थित आनंदम रिजॉर्ट के मिस्टर वेज रेस्टोरेंट में जांच की। यहां द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय और वितरण विनियमन) आदेश 2000 का उल्लंघन पाया गया। कार्रवाई के दौरान मौके से 28 व्यावसायिक गैस सिलेंडर और 1 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
इसके अलावा टीम ने तिलई स्थित रोड़ा ढाबा में भी जांच की, जहां घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। यहां से 3 घरेलू गैस सिलेंडर, तीन बर्नर वाले 2 चूल्हे, एक बर्नर वाला 1 चूल्हा, एक गैस पाइप और एक रेगुलेटर जब्त किया गया।
इसी कड़ी में जांजगीर मुख्यालय के कलेक्टोरेट चौक स्थित श्री कृष्णा डेयरी एंड डेली नीड्स में भी छापा मारा गया। यहां से 1 घरेलू गैस सिलेंडर और 1 बर्नर वाला चूल्हा जब्त किया गया।
खाद्य अधिकारी ने बताया कि जिले में कुकिंग गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने और घरेलू गैस के दुरुपयोग को रोकने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





