छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 की शुरुआत: अब नागरिक खुद भर सकेंगे अपनी जानकारी

मुख्य सचिव विकासशील ने खुद भरी जानकारी, लोगों से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील

रायपुर, 16 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 को लेकर बड़ी पहल शुरू हो गई है। राज्य में पहली बार नागरिकों को अपनी जानकारी खुद दर्ज करने का मौका दिया गया है। 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चलने वाली इस स्व-गणना प्रक्रिया के तहत लोग ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी भर सकते हैं।

1776330345 4850d72b4ee00ab2fab4 Console Crptech

राजधानी रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील ने इस प्रक्रिया की शुरुआत करते हुए स्वयं अपनी जानकारी दर्ज की। इस दौरान अपर मुख्य सचिव गृह मनोज कुमार पिंगुआ, जनगणना निदेशक कार्तिकेय गोयल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

मुख्य सचिव ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और जनगणना में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि स्व-गणना से प्रक्रिया आसान, पारदर्शी और अधिक विश्वसनीय बनेगी, क्योंकि नागरिक अपनी सही और पूरी जानकारी खुद साझा कर सकेंगे।

ऑनलाइन कैसे करें स्व-गणना?
नागरिक https://se.census.gov.in/ पोर्टल पर जाकर आसानी से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। यह प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल है और इसे घर बैठे पूरा किया जा सकता है।

1 मई से शुरू होगा घर-घर सर्वे
स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद 1 मई से 30 मई 2026 तक जनगणना टीम घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करेगी। इस दौरान प्रगणक हर मकान की स्थिति, सुविधाएं और अन्य आवश्यक जानकारी दर्ज करेंगे।

जिन नागरिकों ने पहले ही स्व-गणना कर ली है, उन्हें प्रगणक के घर आने पर अपनी SE ID साझा करनी होगी। वहीं, जो लोग स्व-गणना नहीं कर पाएंगे, उनके लिए चिंता की कोई बात नहीं है—प्रगणक उनके घर आकर जानकारी दर्ज करेंगे।

सरकार ने सभी नागरिकों से इस प्रक्रिया में भाग लेने और देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया है।

Related Articles

Back to top button