छत्तीसगढ़

जशपुर में गांजा तस्करी पर बड़ा प्रहार: 552.10 किलो अवैध गांजा जब्त, 2 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कारों से 552.10 किलो अवैध गांजा जब्त किया। करीब ₹1.21 करोड़ की खेप बरामद हुई और दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में तीन कारों से कुल 552.10 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 21 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करों को पुलिस की गतिविधियों की जानकारी देने के लिए कथित रूप से रेकी कर रही एक कार भी जब्त की गई है।

Polish 20260715 190635125 Console Crptech

पुलिस महानिरीक्षक, सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के निर्देशन में पूरे सरगुजा संभाग में ‘ऑपरेशन आघात’ चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना और नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क को ध्वस्त करना है। इसी अभियान के तहत जशपुर पुलिस ने थाना कुनकुरी और बगीचा क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई की।

पुलिस को सूचना मिली थी कि उड़ीसा से अवैध गांजा की बड़ी खेप कारों के जरिए ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर इनोवा, ब्रेजा और आर्टिगा कारों को रोका। तलाशी के दौरान वाहनों से 550 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद किया गया।

कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा तस्करों को पुलिस की लोकेशन और गतिविधियों की जानकारी देकर सुरक्षित रास्ता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेकी कर रही एक अन्य कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। जशपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button