ट्रेन के टॉयलेट में मनचाहा प्यार, लव मैरिज, सेक्स समस्या का विज्ञापन, RPF की रेड में ‘बंगाली बाबा’ गिरफ्तार, 15 हजार पोस्टर बरामद
मध्य रेल और पश्चिम रेलवे की आरपीएफ का संयुक्त अभियान, बिना अनुमति रेलवे संपत्ति पर प्रचार करने का मामला दर्ज

नेशनल डेस्क: मध्य रेल और पश्चिम रेलवे की रेलवे सुरक्षा बल (RPF) टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर खुद को ‘बंगाली बाबा’ बताने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी रेलवे डिब्बों, ट्रेन के टॉयलेट और परिसरों में अवैध रूप से पोस्टर चिपकाकर मनचाहा प्यार, लव मैरिज और यौन समस्याओं के समाधान के दावे कर रहा था।
कार्रवाई 17 फरवरी 2026 को मुंबई मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के मार्गदर्शन में चलाई गई विशेष मुहिम के तहत की गई। रेलवे संपत्ति पर बढ़ती अवैध पोस्टरबाजी को रोकने के लिए यह अभियान चलाया गया था।
15,000 पोस्टर बरामद
आरपीएफ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रे रोड क्षेत्र में एक व्यक्ति फर्जी धार्मिक दावों के जरिए रेलवे संपत्ति का उपयोग अपने प्रचार के लिए कर रहा है। सूचना के आधार पर दारुखाना इलाके में मीरा अली दरगाह के पास संयुक्त छापेमारी की गई।
छापे के दौरान मोहम्मद नज़ीर अंदाड़ी नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 15,000 मुद्रित पोस्टर बरामद किए गए। पोस्टरों में मनचाहा प्यार, लव मैरिज और अन्य निजी समस्याओं के समाधान के दावे किए गए थे।
बिना अनुमति चला रहा था प्रचार
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने रेलवे प्रशासन से किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली थी। वह रेलवे परिसर और ट्रेनों के डिब्बों का उपयोग व्यावसायिक प्रचार के लिए कर रहा था।
रेलवे अधिनियम के तहत बिना अनुमति व्यवसायिक गतिविधि और रेलवे संपत्ति के दुरुपयोग को लेकर मामला दर्ज किया गया है। आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के सहयोगियों और वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है।
रेलवे की अपील
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे इस प्रकार के अनधिकृत विज्ञापनों और भ्रामक दावों से सावधान रहें। रेलवे परिसरों में किसी भी प्रकार का प्रचार-प्रसार केवल निर्धारित नियमों और अनुमति के तहत ही किया जा सकता है।
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





