अग्निवीर भर्ती 2026: युवाओं के लिए सुनहरा मौका, लिखित परीक्षा तैयारी के लिए मिलेगा फ्री ट्रेनिंग, 1 अप्रैल तक करें आवेदन

जांजगीर-चांपा, 20 मार्च 2026। भारतीय थल सेना में शामिल होकर देश सेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए बड़ी खबर है। अग्निवीर भर्ती 2026 के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसके लिए ऑनलाइन पंजीयन की अंतिम तिथि 01 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है। खास बात यह है कि आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा की तैयारी के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय थल सेना द्वारा अग्निवीर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वाले इच्छुक युवाओं को कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के माध्यम से फ्री कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे लिखित परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
ऑनलाइन आवेदन और पंजीयन के लिए अभ्यर्थियों को विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://erojgar.cg.nic.in/ पर जाकर आवेदन करना होगा। वेबसाइट के मुख्य पृष्ठ पर “अग्निवीर भर्ती 2026 हेतु लिखित परीक्षा की तैयारी हेतु निःशुल्क प्रशिक्षण के लिए ऑनलाइन आवेदन” लिंक के माध्यम से उम्मीदवार अपना रजिस्ट्रेशन आसानी से कर सकते हैं।
इस पहल का उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक युवाओं को सेना भर्ती के लिए तैयार करना और उन्हें बेहतर मार्गदर्शन प्रदान करना है। निःशुल्क प्रशिक्षण के जरिए अभ्यर्थियों को परीक्षा पैटर्न, सिलेबस और महत्वपूर्ण विषयों की तैयारी कराई जाएगी।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक उम्मीदवार जिला रोजगार कार्यालय, जांजगीर-चांपा से संपर्क कर सकते हैं।




