जांजगीर-चांपा में आयुष मेडिकल एसोसिएशन का वार्षिक बैठक व होली मिलन संपन्न, डॉ. नागेंद्र शर्मा हुए सम्मानित
20 वर्षों से निशुल्क सेवा देने वाले आयुर्वेद चिकित्सक का हुआ सम्मान, “हर घर आयुर्वेद” अभियान को मिली सराहना

जांजगीर-चांपा / जिले के होटल सुमित इन में 15 मार्च को आयुष मेडिकल एसोसिएशन, जिला जांजगीर-चांपा इकाई द्वारा वार्षिक बैठक एवं होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिलेभर के आयुष चिकित्सकों ने अपने परिवार के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोरबा आयुष मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र शर्मा (संचालक, पतंजलि चिकित्सालय कोरबा) सपरिवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. आर. एस. सराफ ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. वर्षा सराफ (डेंटल सर्जन) मौजूद रहीं।
होली मिलन में झलकी एकता और उत्साह
होली मिलन के इस खास अवसर पर सभी चिकित्सकों एवं उनके परिवारों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। बच्चों ने भी कार्यक्रम में जमकर मस्ती की और रंगों के इस उत्सव को और भी यादगार बना दिया।
डॉ. नागेंद्र शर्मा का संदेश
मुख्य अतिथि डॉ. नागेंद्र शर्मा ने अपने संबोधन में सभी चिकित्सकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समाज के उत्थान के लिए चिकित्सकों को सदैव आगे आकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से जरूरतमंदों की सेवा करने पर जोर दिया।
विशेष सम्मान
कार्यक्रम का सबसे खास पल तब आया जब डॉ. नागेंद्र शर्मा को आयुर्वेद के प्रति उनके समर्पण, “हर घर आयुर्वेद” अभियान और पिछले 20 वर्षों से निरंतर निशुल्क चिकित्सकीय परामर्श देने के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान आयुष मेडिकल एसोसिएशन, जिला जांजगीर-चांपा एवं मेकशाइन फार्मा प्राइवेट लिमिटेड की ओर से प्रदान किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम भी रहे आकर्षण
कार्यक्रम में डॉ. आर. एस. सराफ द्वारा प्रस्तुत फाग गीतों ने माहौल को और भी आनंदमय बना दिया, जिससे उपस्थित सभी लोग मंत्रमुग्ध हो गए।





