सुहागरात से पहले नई नवेली दुल्हन प्रेमी संग फरार: लाखों नकदी और जेवर ले गई, फौजी पति ने दर्ज कराई FIR

कौशांबी | उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र में शादी के तुरंत बाद नवविवाहिता के लापता होने की घटना से हड़कंप मच गया। आरोप है कि दुल्हन सुहागरात से पहले ही ससुराल से करीब 5 लाख रुपये नकद और लगभग 15 लाख रुपये के आभूषण लेकर अपने कथित प्रेमी के साथ चली गई।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
8 फरवरी को हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, युवती की शादी 8 फरवरी को सराय अकिल थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती का विवाह मंझनपुर थाना क्षेत्र के एक युवक से हुआ था। युवक भारतीय थल सेना में कार्यरत बताया जा रहा है। शादी पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुई और विदाई भी सामान्य तरीके से हुई।
सुहागरात से पहले ही हुई फरारी
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद रात में नवविवाहिता घर से नकदी और जेवर लेकर गायब हो गई। देर रात जब परिवार को इसकी जानकारी हुई तो सभी हैरान रह गए।
पीड़ित पति ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी को सराय अकिल थाना क्षेत्र का रहने वाला एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
पहले से संपर्क में होने की आशंका
परिजनों का कहना है कि युवती पहले से ही किसी अन्य युवक के संपर्क में थी और उसी के साथ जाने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, पुलिस इन आरोपों की जांच कर रही है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मामले में सीओ सदर Shivank Singh ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर संबंधित युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और नवविवाहिता की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
जांच जारी, परिवार सदमे में
घटना के बाद ससुराल पक्ष सदमे में है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है, जिसमें प्रेम प्रसंग और आर्थिक लेनदेन के एंगल भी शामिल हैं।





