
जांजगीर-चांपा / जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला प्रशासन और चांपा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए रेत माफियाओं पर बड़ी दबिश दी। यह कार्रवाई हाथनेवरा घाट और पिपरदा घाट नदी क्षेत्र में की गई, जहां लंबे समय से अवैध गतिविधियों की शिकायत मिल रही थी।
छापेमार कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से 3 हाइवा और 1 ट्रैक्टर वाहन जब्त किए। हैरानी की बात यह रही कि कुछ हाइवा वाहन बिना चालक के ही नदी घाट पर खड़े मिले, जिनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना चांपा, बिर्रा और बम्हनीडीह क्षेत्र के नदी घाटों में बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा है और इसे सीमावर्ती सक्ति व जांजगीर-चांपा इलाकों में लगातार सप्लाई किया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर यह संयुक्त अभियान चलाया गया।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप के मार्गदर्शन में की गई। प्रशासन का कहना है कि अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





