अवैध धान भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, डोंगरी में उड़नदस्ता दल का छापा, 526 क्विंटल अवैध धान जब्त

जांजगीर-चांपा / जिले में अवैध धान परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम डोंगरी में 526 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में गठित उड़नदस्ता दल द्वारा की गई।
राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग के संयुक्त जांच दल ने तहसील बलौदा अंतर्गत ग्राम डोंगरी स्थित वाटर प्लांट से लगे परिसर में छापा मारा। जांच के दौरान वहां 1317 बोरी धान अवैध रूप से संग्रहित पाया गया। मौके पर मौजूद फर्म संचालक मनोज कुमार अग्रवाल द्वारा धान के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
दस्तावेजों के अभाव में मंडी अधिनियम के तहत संपूर्ण धान जब्त कर लिया गया। कलेक्टर महोबे ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध धान परिवहन, भंडारण और खरीदी-बिक्री पर शून्य सहनशीलता बरती जा रही है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।





