मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की बड़ी सौगात: जशपुर में श्री नदी पर बनेगा हाई लेवल पुल, तीन राज्यों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत

रायपुर, 07 मई 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले को एक बड़ी विकास परियोजना की सौगात मिली है। राज्य शासन ने वर्ष 2025-26 के बजट अंतर्गत कुनकुरी-तपकरा-लवाकेरा मार्ग पर श्री नदी में उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग निर्माण कार्य के लिए 9 करोड़ 45 लाख 85 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
यह हाई लेवल पुल छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग पर बनाया जाएगा। पुल निर्माण से तीनों राज्यों के बीच आवागमन अधिक सुरक्षित, सुगम और निर्बाध होगा। साथ ही व्यापार, परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
जानकारी के अनुसार वर्तमान में इस मार्ग पर स्थित सकरा पुल बारिश के मौसम में लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनता है। नदी का जलस्तर बढ़ने पर आवागमन बाधित हो जाता था और ग्रामीणों को जोखिम उठाकर सफर करना पड़ता था। लंबे समय से क्षेत्रवासी यहां उच्च स्तरीय पुल निर्माण की मांग कर रहे थे।
राज्य शासन से प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए कहा कि सरकार सीमावर्ती और ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दे रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि श्री नदी पर बनने वाला यह हाई लेवल पुल जशपुर जिले के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इससे हजारों लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी और दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर संपर्क सुविधा से जोड़ने में मदद मिलेगी।





