छत्तीसगढ़

Bilaspur Crime: प्रेमी जोड़े को कमरे में मिलवाया, फिर वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल

बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाया, कमरे में मिलने दिया और बना लिया वीडियो, अब वायरल करने की धमकी देकर मांग रही पैसे

बिलासपुर / छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से ब्लैकमेलिंग का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पचपेड़ी क्षेत्र में रहने वाले एक 33 वर्षीय ड्राइवर और उसकी गर्लफ्रेंड को एक महिला ने अपने घर बुलाकर कमरे में मिलने दिया। आरोप है कि इसी दौरान महिला ने दोनों का वीडियो बना लिया और अब उसे वायरल करने की धमकी देकर एक लाख रुपये की मांग कर रही है। पीड़ित युवक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बर्थडे पार्टी के बहाने घर बुलाया

पुलिस को दी शिकायत में ड्राइवर ने बताया कि उसकी पहचान ग्राम धुर्वाकारी में रहने वाली रोशनी खूंटे से थी। महिला ने अपने बेटे के जन्मदिन के मौके पर 1 फरवरी को उसे और उसकी गर्लफ्रेंड को घर बुलाया था। ड्राइवर शाम को महिला के घर पहुंचा, जबकि उसकी गर्लफ्रेंड पहले से वहां मौजूद थी। केक कटने के बाद महिला ने घर में मौजूद रिश्तेदारों को बाहर भेज दिया।

कमरे में भेजकर बनाया वीडियो

ड्राइवर के अनुसार, महिला ने दोनों को एक कमरे में जाने के लिए कहा। उसने कमरे में साफ बेडशीट डाली और खिड़की पर परदे लगा दिए। इसके बाद ड्राइवर और उसकी गर्लफ्रेंड कमरे में कुछ समय रहे। कुछ देर बाद दोनों अपने-अपने घर चले गए। लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने दोनों को सदमे में डाल दिया।

स्क्रीनशॉट भेजकर मांगे पैसे

ड्राइवर के घर पहुंचने के कुछ समय बाद उसके मोबाइल पर एक स्क्रीनशॉट आया, जिसमें वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ आपत्तिजनक स्थिति में नजर आ रहा था। स्क्रीनशॉट भेजने वाली वही महिला थी। महिला ने दावा किया कि उसने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया है और अगर उसे एक लाख रुपये नहीं दिए गए तो वह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देगी।

बदनाम करने की धमकी से परेशान प्रेमी जोड़ा

स्क्रीनशॉट मिलने के बाद ड्राइवर ने उसी रात महिला को फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया। अगले दिन जब युवक महिला के घर पहुंचा तो उसने साफ तौर पर एक लाख रुपये की मांग दोहराई।

महिला ने कहा कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो वह वीडियो को सार्वजनिक कर देगी और दोनों को बदनाम कर देगी। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर युवक ने आखिरकार पचपेड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने महिला के खिलाफ अवैध उगाही और ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button