Crime

छुट्टी पर आए BSF जवान की गोली मारकर हत्या, घर में घुसकर दिया वारदात को अंजाम

क्षेत्र में दहशत, पुरानी रंजिश की आशंका, पुलिस जांच जारी

क्राइम डेस्क/ उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां छुट्टी पर घर आए एक बीएसएफ जवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत और गुस्से का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।

यह घटना इंचौली थाना क्षेत्र के धनपुर गांव की है। मृतक की पहचान 38 वर्षीय नैन सिंह के रूप में हुई है, जो सीमा सुरक्षा बल (BSF) में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। उनकी वर्तमान पोस्टिंग पश्चिम बंगाल में थी। वे 6 मार्च को छुट्टी लेकर अपने घर आए थे और 2 अप्रैल को वापस ड्यूटी पर लौटने वाले थे।

बताया जा रहा है कि घटना के समय नैन सिंह घर में अकेले सो रहे थे। परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने काम से बाहर थे। उनकी पत्नी बच्चों के साथ मायके गई हुई थीं, मां रिश्तेदारी में थीं, पिता खेत पर और छोटा भाई काम पर गया था। घर में केवल उनकी भाभी मौजूद थीं।

इसी दौरान एक अज्ञात युवक घर में घुसा और सो रहे नैन सिंह पर गोली चला दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भारी बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नैन सिंह की गांव के ही एक युवक से पुरानी रंजिश चल रही थी। तीन दिन पहले दोनों के बीच विवाद भी हुआ था और घटना वाले दिन भी कहासुनी की बात सामने आई है। इसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है।

फिलहाल पुलिस ने इस मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के बाद गांव में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button