
सोते पति पर कुल्हाड़ी से किया हमला, लूट की झूठी कहानी गढ़ी
मुंगेली / जिले के पथरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गंगद्वारी में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा ली है। इस सनसनीखेज मामले में मृतक की पत्नी ही हत्या की आरोपी निकली है।
पुलिस के अनुसार आरोपी महिला अपने पति द्वारा रोज़-रोज़ किए जा रहे विवाद और प्रताड़ना से परेशान थी। इसी मानसिक तनाव में उसने खौफनाक कदम उठाया। बीती रात जब उसका पति गहरी नींद में था, तब महिला ने लोहे की कुल्हाड़ी से उस पर जानलेवा हमला कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी महिला ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात व्यक्ति द्वारा लूट के दौरान हत्या किए जाने की झूठी कहानी सुनाई। हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को महिला की भूमिका पर संदेह हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी और खून से सनी साड़ी बरामद कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





