
बलौदाबाजार / Anti Corruption Bureau (एसीबी) ने बलौदाबाजार जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपद पंचायत पलारी के एसडीओ गोपाल कृष्ण शर्मा को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से पंचायत विभाग में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, एसडीओ पर एक उप सरपंच से किसी कार्य को आगे बढ़ाने के एवज में 1 लाख रुपये की कथित मांग करने का आरोप है। उप सरपंच ने इस मांग की शिकायत एसीबी से की, जिसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि तय राशि में से 25 हजार रुपये की पहली किस्त देने के लिए उप सरपंच एसडीओ के कार्यालय पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने रकम सौंपी, पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने दबिश देकर एसडीओ को मौके पर ही पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम ने कार्यालय में दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। संबंधित रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं और आगे की वैधानिक प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद साझा की जाएगी।
यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के मामलों में सतर्कता एजेंसियों की सक्रियता को दर्शाती है। फिलहाल, पूरे घटनाक्रम पर स्थानीय प्रशासन की नजर बनी हुई है।





