छत्तीसगढ़

CHHATTISGARH NEWS : ओवरलोड वाहनों से वसूली पर आरक्षक बर्खास्त, दो पुलिसकर्मी लाइन अटैच

अनुशासनहीनों पर SSP की बड़ी कार्रवाई, विभाग में हड़कंप

दुर्ग / एसएसपी विजय अग्रवाल ने पुलिस विभाग में अनुशासन कायम रखने के लिए एक बार फिर सख्त कदम उठाया है। यातायात विभाग में पदस्थ आरक्षक अर्जुन दुबे को ओवरलोड वाहनों से अवैध वसूली के आरोप में सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, सुपेला सब्जी मंडी क्षेत्र में आरक्षक अर्जुन दुबे द्वारा ट्रक और छोटे मालवाहक वाहनों से ₹200 से ₹2000 तक की अवैध वसूली की जा रही थी। व्यापारियों ने इस संबंध में एएसपी (ट्रैफिक) ऋचा मिश्रा को शिकायत दी थी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर एसएसपी अग्रवाल ने दुबे की सेवा समाप्ति का आदेश जारी किया।

विभागीय जांच में यह भी सामने आया कि दुबे ने ट्रांसपोर्टर दुर्गेश सिन्हा से ₹5600 की राशि अपने बैंक ऑफ महाराष्ट्र खाते में प्राप्त की थी। जांच अधिकारी एएसपी (ग्रामीण) अभिषेक झा ने बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य दस्तावेजों के आधार पर आरोपों को प्रमाणित किया।

एसएसपी अग्रवाल ने बताया कि विभागीय प्रक्रिया के दौरान आरक्षक को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया था, लेकिन उसने कोई जवाब प्रस्तुत नहीं किया। इससे पूर्व भी दुबे को कर्तव्य में लापरवाही के कारण वेतनवृद्धि रोकने का दंड मिल चुका था। अंततः पुलिस रेग्यूलेशन पैरा 221 (क) के तहत उसकी सेवा समाप्त कर दी गई।

इसी बीच, एक अन्य कार्रवाई में स्मृति नगर चौकी में पदस्थ एएसआई प्रमोद सिंह और आरक्षक रवि ठाकुर को फरियादियों से दुर्व्यवहार के आरोप में लाइन अटैच किया गया है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर दोनों को रक्षित केंद्र में पदस्थ किया गया है।

एसएसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि, “पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने वालों और ड्यूटी में लापरवाही बरतने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”

Related Articles

Back to top button