
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां पत्थलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत बटुराबहार गांव में एक किसान ने खेत में काम करते समय फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक किसान अपने खेत में ट्रैक्टर से जुताई का कार्य कर रहा था। इसी दौरान उसने खेत में मौजूद बबुल के पेड़ में रस्सी के सहारे फांसी लगा ली। घटना की जानकारी जैसे ही आसपास के ग्रामीणों को मिली, उन्होंने तुरंत पत्थलगांव पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पत्थलगांव थाना प्रभारी विनीत पांडेय ने बताया कि मृतक का कुछ समय पहले एक सड़क हादसा (एक्सीडेंट) हुआ था, जिसके बाद से वह मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी मानसिक स्थिति के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।





