CHHATTISGARH NEWS : जन्मदिन पर मिली मौत! कोचिंग जा रही छात्रा को तेज रफ्तार स्कार्पियो ने कुचला

बिलासपुर / मौत, कब और कैसे कहां आ जाए किसी को पता नहीं। एक ऐसा ही दर्दनाक हादसा छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में जिले में हुआ है। जहां जन्मदिन के दिन एक छात्रा की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। जन्मदिन के दिन कोचिंग के लिए निकली छात्रा को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पीछे से रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक घटनास्थल से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की है। रिसदा गांव में रहने वाली छात्रा नवरत्ना नोरगे (21) कोचिंग जाने के लिए घर से निकली थी। तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने छात्रा को पीछे से ठोकर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्रा के सिर में लगी गंभीर चोट से वह बेसुध हो गई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उसकी सहेली को मामूली चोटें आईं। घटना वाले दिन नवरत्ना का बर्थडे था। उसकी सहेलियां कोचिंग में केक के साथ उसका इंतजार कर रही थीं। हादसे की खबर मिलते ही वे सभी घटनास्थल पर पहुंच गईं। छात्रा कोचिंग इंस्टीट्यूट में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी।
मस्तूरी क्षेत्र के रिस्दा निवासी जीवन लाल नोरगे पेशे से किसान हैं। उनकी बेटी नवरत्ना नोरगे कॉलेज छात्रा थी। इसके साथ ही वह गांव के ही कोचिंग इंस्टीट्यूट में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। जैसे ही नवरत्ना के सड़क हादसे का शिकार होने की जानकारी उसके परिवार वालों को हुई उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया और घर में चल रही बर्थडे की तैयारियां मातम में बदल गईं।