CHHATTISGARH NEWS : अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल से दो कैदी फरार — जेल प्रशासन में हड़कंप

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
सरगुजा / मंगलवार सुबह सरगुजा जिले में सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चूक सामने आई है। अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के जेल वार्ड से दो विचाराधीन बंदी फरार हो गए, जिससे पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। फरार बंदियों की पहचान रितेश सारथी, निवासी आंधला, थाना लखनपुर और पवन पाटिल, निवासी ग्राम जमडी, थाना झिलमिली के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रितेश सारथी पास्को एक्ट (POCSO) के मामले में विचाराधीन बंदी था। और पवन पाटिल एनडीपीएस एक्ट (NDPS) के तहत गिरफ्तार आरोपी था।
दोनों को स्वास्थ्य कारणों से अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के जेल वार्ड में भर्ती कराया गया था। जेल वार्ड में कुल चार बंदी थे, जिनकी निगरानी के लिए पुलिस गार्ड तैनात थे। इसके बावजूद दो बंदियों के फरार होने से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
जेल अधीक्षक अक्षय राजपूत ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों कैदी देर रात वार्ड से फरार हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस व जेल अधिकारी मौके पर पहुंचे और अस्पताल परिसर की तलाशी शुरू कर दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों कैदियों की तलाश के लिए शहर के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख मार्गों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। संभावित ठिकानों पर भी दबिश दी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, यह एक महीने के भीतर दूसरी बार है जब अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के जेल वार्ड से बंदी फरार हुए हैं। इससे पहले भी एक कैदी इलाज के दौरान भाग निकला था, जिसके बाद सुरक्षा सख्त करने के निर्देश दिए गए थे। बावजूद इसके, इस बार दोबारा ऐसी चूक होना लापरवाही को उजागर करता है।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि जेल वार्ड में लगे कुछ सीसीटीवी कैमरे खराब थे, जिससे फरारी की घटना का सटीक वीडियो नहीं मिल पाया है। पुलिस अब अस्पताल के अन्य कैमरों और आसपास के इलाकों के फुटेज खंगाल रही है।
जेल प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और लापरवाह अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही है।