छत्तीसगढ़

Chhattisgarh: जंगल में एक ही पेड़ से लटके मिले प्रेमी-प्रेमिका के शव, जांच में जुटी पुलिस

महुआ बीनने गए ग्रामीणों ने देखी घटना, इलाके में फैली दहशत

रायगढ़ / छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां जंगल में एक ही पेड़ से प्रेमी-प्रेमिका के शव फंदे पर लटके मिले। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मामला छाल थाना क्षेत्र के एडूकला गांव के जंगल का बताया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह गांव के कुछ लोग महुआ बीनने के लिए जंगल पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक पेड़ पर लटके दो शवों पर पड़ी। यह दृश्य देखकर ग्रामीण घबरा गए और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही छाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतारकर अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान रामकुमार अगरिया (25 वर्ष) और परमेश्वरी अगरिया (20 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। इस मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, ताकि हर पहलू की बारीकी से जांच की जा सके।

जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शासिमोहन सिंह ने बताया कि फिलहाल फांसी लगाए जाने की सूचना मिली है, लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

Related Articles

Back to top button