बच्चों की मुस्कान बना मुख्यमंत्री के जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार, आश्रम में सादगी से मनाया विशेष दिन
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपना 62वां जन्मदिन जशपुर के बालक आश्रम में बच्चों के साथ मनाया। बच्चों की मुस्कान को बताया सबसे बड़ा उपहार, दिया प्रेरणादायक संदेश।

रायपुर/जशपुर, 21 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपना 62वां जन्मदिन जशपुर जिले के बगिया स्थित बालक आश्रम में बच्चों के बीच सादगी और आत्मीयता के साथ मनाया। इस दौरान बच्चों की मुस्कान और उत्साह ही उनके लिए सबसे बड़ा उपहार बन गया।

आश्रम में दिखा पारिवारिक माहौल
मुख्यमंत्री जैसे ही आश्रम परिसर पहुंचे, बच्चों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई। बच्चे दौड़कर उनके पास आए और माहौल पूरी तरह पारिवारिक हो गया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा और उनके साथ समय बिताया। उन्होंने बच्चों से उनके नाम, पढ़ाई और भविष्य के सपनों के बारे में पूछा और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
“आपकी मुस्कान ही मेरा सबसे बड़ा उपहार”
मुख्यमंत्री ने बच्चों को अपने हाथों से केक और चॉकलेट खिलाई। उन्होंने बच्चों के सिर पर हाथ फेरते हुए कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें, बड़े सपने देखें और जीवन में आगे बढ़कर अपने परिवार और प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने भावुक होकर कहा कि “आप सबकी मुस्कान ही मेरे जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार है।”
इन शब्दों ने बच्चों के मन में विशेष उत्साह और विश्वास जगाया। बच्चों की चमकती आंखें और खिलखिलाहट इस बात का प्रमाण थीं कि यह दिन उनके लिए यादगार बन गया।
आदिवासी बच्चों के लिए प्रेरणादायक क्षण
उल्लेखनीय है कि बगिया स्थित बालक आश्रम में कक्षा पहली से पांचवीं तक के छात्र अध्ययनरत हैं, जिनमें अधिकांश बच्चे आदिवासी समुदाय से हैं। मुख्यमंत्री का उनके बीच पहुंचकर जन्मदिन मनाना बच्चों के लिए प्रेरणादायक और गर्व का क्षण रहा।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर विधायक गोमती साय, कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आश्रम के शिक्षक व स्टाफ उपस्थित रहे।





