जांजगीर-चांपा में कलेक्टर जन्मेजय महोबे बने ‘निक्षय मित्र’, टीबी मरीजों को बांटे पोषण आहार किट
टीबी उन्मूलन अभियान को मिला बल, समाज से निक्षय मित्र बनकर आगे आने की अपील

जांजगीर-चांपा, 06 अप्रैल 2026। जिले में टीबी उन्मूलन अभियान को गति देने के उद्देश्य से कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सराहनीय पहल करते हुए ‘निक्षय मित्र’ की भूमिका निभाई। उन्होंने पांच टीबी मरीजों को पोषण आहार किट वितरित कर उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।
इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए दवाइयों के साथ-साथ पौष्टिक आहार बेहद जरूरी होता है। सही पोषण मिलने से मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है और वे जल्द स्वस्थ हो सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अपील की कि वे भी ‘निक्षय मित्र’ बनकर जरूरतमंद टीबी मरीजों की मदद करें।
कलेक्टर महोबे ने कहा कि यह एक जनभागीदारी आधारित अभियान है, जिसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। यदि सभी लोग मिलकर इस दिशा में प्रयास करें, तो जिले को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य जल्द ही हासिल किया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत के सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अनिता श्रीवास सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
क्या है ‘निक्षय मित्र’ अभियान?
‘निक्षय मित्र’ अभियान के तहत कोई भी व्यक्ति, संस्था या संगठन टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण आहार, दवाइयों और अन्य आवश्यक सहयोग प्रदान कर सकता है। यह पहल केंद्र सरकार की टीबी मुक्त भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।





