JANJGIR CHAMPA: कलेक्टर ने पामगढ़ के धान उपार्जन केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

धान खरीदी में लापरवाही बर्दाश्त नहीं – कलेक्टर महोबे
जांजगीर-चांपा | कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम भदरा, डोंगाकोहरौद, धनगांव एवं अकलतरा विकासखंडों के कोटगढ़ और बरगंवा धान उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान खरीदी केंद्र डोंगाकोहरौद के समिति प्रबंधक अनुपस्थित पाए गए, जिस पर कलेक्टर ने शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही कुछ अन्य केंद्रों में अनुपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को भी “कारण बताओ नोटिस” जारी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी-कर्मचारी समय पर उपस्थित रहें।
कलेक्टर ने अधिकारियों को धान स्टेकिंग निर्धारित मापदंडों के अनुरूप रखने तथा जिन केंद्रों में सुधार की आवश्यकता हो वहां शीघ्र सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी धान खरीदी के दौरान हर स्तर पर शत प्रतिशत भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता स्वीकार्य नहीं होगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसानों से संवाद कर टोकन प्रणाली, धान तौल प्रक्रिया, भुगतान की स्थिति और केंद्रों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, अतः इसे गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा किया जाए।





