छत्तीसगढ़

प्रेमी जोड़े की पेड़ पर लटकी मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस के शव

परिवार के विरोध से परेशान होकर उठाया आत्मघाती कदम? 2-3 दिन से थे लापता

दिल दहला देने वाली घटना

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के भंवरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़ीपार गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां तालाब किनारे एक इमली के पेड़ पर प्रेमी युगल के शव फंदे से लटके हुए मिले, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान प्रिया नाग (20 वर्ष), निवासी सलीया भिलाईगढ़ और सूरज सेन (28 वर्ष), निवासी मुड़ीपार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था और पिछले 2-3 दिनों से दोनों अपने घर से लापता थे।

परिवार के विरोध की आशंका
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के रिश्ते को लेकर परिवार में नाराजगी और विरोध था। आशंका जताई जा रही है कि इसी सामाजिक और पारिवारिक दबाव के चलते दोनों ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।

पेड़ से लटके मिले शव
ग्रामीणों ने सुबह तालाब के पास इमली के पेड़ पर युवक-युवती के शव लटके देखे, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शव दुपट्टे और गमछे के सहारे फंदे से लटके हुए पाए गए।

जांच में जुटी पुलिस
भंवरपुर पुलिस को सुबह करीब 8:30 बजे घटना की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button