Crime

डबल बेड के अंदर अर्धनग्न हालत में मिली महिला की लाश, 10 दिन बाद हुआ खुलासा

सागर/ मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। खुरी थाना क्षेत्र के सहोदरा राय वार्ड में एक महिला का शव उसके ही घर में डबल बेड के अंदर संदिग्ध हालत में मिला है। शव अर्धनग्न अवस्था में था और काफी हद तक सड़ चुका था, जिससे घटना की गंभीरता और रहस्य और बढ़ गया है।

मृतका की पहचान 45 वर्षीय ममता अहिरवार के रूप में हुई है। वह पेशे से डांसर थीं और शादी-ब्याह तथा स्थानीय आयोजनों में प्रस्तुति देकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थीं। जानकारी के अनुसार, ममता अकेले खुरई में रहती थीं, जबकि उनके बच्चे गंजबासौदा में रहते हैं।

परिजनों के मुताबिक, 5 अप्रैल को उनकी मां से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। उस दौरान ममता ने बताया था कि वह बीना रिफाइनरी क्षेत्र में एक कार्यक्रम में शामिल होने गई हैं। इसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया और उनसे संपर्क नहीं हो सका। कई दिनों तक संपर्क न होने पर बेटे ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

शनिवार को जब बेटे और बेटी घर पहुंचे, तो मकान बाहर से बंद मिला। शक होने पर उन्होंने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। घर में घुसते ही तेज बदबू आने लगी। जांच करने पर देखा कि डबल बेड के अंदर से खून रिस रहा था। जब बेड को खोला गया, तो अंदर मां का सड़ा हुआ शव मिला, जिसे देखकर बच्चे सन्न रह गए। शव में कीड़े भी पड़ चुके थे।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में शरीर पर बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या गला दबाकर की गई हो सकती है।

पुलिस ने घर को सील कर दिया था और अगले दिन फॉरेंसिक टीम के साथ दोबारा जांच की गई। विशेषज्ञों ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और फिंगरप्रिंट्स समेत अन्य तकनीकी जांच की। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। इस घटना ने स्थानीय लोगों को हिला कर रख दिया है और इलाके में डर का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button