
जांजगीर-चांपा, 02 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को हर महीने राशि बिना किसी रुकावट के मिलती रहे, इसके लिए ई-केवाईसी (e-KYC) अनिवार्य किया गया है। जिन हितग्राहियों का ई-केवाईसी अभी तक नहीं हुआ है, उनका ई-केवाईसी 03 अप्रैल 2026 से शुरू किया जा रहा है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार यह विशेष अभियान 03 अप्रैल से 30 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा।
कहां होगा ई-केवाईसी?
ई-केवाईसी की सुविधा निम्न स्थानों पर उपलब्ध रहेगी—
- ग्रामीण क्षेत्रों में: ग्राम पंचायत भवन
- शहरी क्षेत्रों में: वार्ड कार्यालय
कब माना जाएगा ई-केवाईसी पूर्ण?
ई-केवाईसी तभी पूर्ण माना जाएगा जब—
- हितग्राही का नाम महतारी वंदन योजना के पंजीयन और
- आधार कार्ड
दोनों में एक समान होगा।
नाम में गड़बड़ी हो तो क्या करें?
यदि नाम में किसी प्रकार की त्रुटि या अंतर पाया जाता है, तो हितग्राही निम्न स्थानों पर आवेदन कर सकते हैं—
- जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, जांजगीर-चांपा
- संबंधित परियोजना अधिकारी (ICDS)
- पर्यवेक्षक
- नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र
आवेदन प्राप्त होने के बाद विभाग द्वारा नाम संशोधन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
हितग्राहियों के लिए जरूरी सलाह
हितग्राही अपने नजदीकी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क कर अपने नाम का मिलान अवश्य कर लें, ताकि समय पर ई-केवाईसी पूरा हो सके और योजना की राशि मिलने में कोई बाधा न आए।





