छत्तीसगढ़

जशपुर में राज्यपाल रमेन डेका ने केरेगांव होम-स्टे का किया दौरा, ग्रामीण पर्यटन और महिलाओं की आजीविका को बताया प्रेरणादायक

देशदेखा क्षेत्र में विकसित होम-स्टे मॉडल की सराहना, स्थानीय संस्कृति और ‘जसक्राफ्ट’ उत्पादों से हुए प्रभावित

रायपुर/ छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने जशपुर जिले के दौरे के दौरान केरेगांव में विकसित होम-स्टे का अवलोकन किया। यह होम-स्टे प्रमुख पर्यटन स्थल देशदेखा के समीप स्थित है, जहां उन्होंने स्थानीय आदिवासी संस्कृति, पारंपरिक जीवनशैली और ग्रामीण आतिथ्य का अनुभव लिया।

20260405 164937 Console Crptech

राज्यपाल ने अपने प्रवास के दौरान देशदेखा समूह की महिलाओं द्वारा पारंपरिक विधि से तैयार किए गए स्थानीय व्यंजनों का स्वाद चखा और उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के होम-स्टे मॉडल पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं की आजीविका सशक्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इस दौरान स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने ‘जसक्राफ्ट’ ब्रांड के तहत तैयार किए गए छिंद और कांसा से निर्मित पारंपरिक आभूषण—माला और झुमके—राज्यपाल को भेंट किए। राज्यपाल ने इन उत्पादों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह पहल कौशल विकास, रोजगार सृजन और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत कदम है, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगा।

इसके अलावा ‘देशदेखा क्लाइंबिंग कम्पनी’ के सदस्यों ने भी राज्यपाल से मुलाकात कर क्षेत्र में एडवेंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यहां नियमित रूप से रॉक क्लाइंबिंग जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जाता है। राज्यपाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे प्रयासों को निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन दिया जाए, ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिले और अधिक से अधिक युवा इन गतिविधियों से जुड़ें।

इस अवसर पर कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, वनमंडलाधिकारी शशि कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button