जांजगीर-चांपा में दहेज प्रताड़ना और दैहिक शोषण का मामला, आरोपी पति गिरफ्तार
समझौते के बाद भी नहीं बदली हरकतें, पत्नी से मारपीट और जबरन शोषण; पुलिस ने किया तत्काल एक्शन

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में दहेज प्रताड़ना और दैहिक शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। थाना चांपा क्षेत्र में पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति अंचल डनसेना को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की शादी वर्ष 2024 में रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही आरोपी पति द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। इस संबंध में पीड़िता ने पहले भी शिकायत दर्ज कराई थी।
मामला न्यायालय में लंबित रहने के दौरान दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ और पति-पत्नी फिर से साथ रहने लगे, लेकिन आरोपी का व्यवहार नहीं बदला। आरोप है कि उसने पीड़िता के साथ मारपीट की और उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरन अप्राकृतिक कृत्य कर दैहिक शोषण किया।
पीड़िता की ताजा शिकायत के बाद थाना चांपा पुलिस ने तुरंत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के खिलाफ किसी भी प्रकार की हिंसा या शोषण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।





