Janjgir Champa: किराए के ट्रैक्टर बेचकर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार
अकलतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फर्जी शपथ पत्र बनाकर किसानों को बनाता था निशाना

जांजगीर-चांपा, 6 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में अकलतरा पुलिस ने किसानों से ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी किसानों से किराए पर ट्रैक्टर लेकर उन्हें फर्जी दस्तावेजों के जरिए बेच देता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 20 लाख रुपए की संपत्ति बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
पुलिस ने आरोपी अनुराग दास महंत (34 वर्ष), निवासी खैरा चौकी नैला (जिला जांजगीर-चांपा) हाल मुकाम पावर हाउस बिलासपुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
ऐसे करता था ठगी
जांच में सामने आया कि आरोपी भोले-भाले किसानों को ट्रैक्टर किराए पर देने का झांसा देता था। इसके बाद वह ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फर्जी शपथ पत्र तैयार कर अन्य लोगों को बेच देता था। वारदात के बाद आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो जाता था।
शिकायत के बाद खुला मामला
प्रार्थी विनोद कुमार खुसरो (निवासी परसाही नाला) ने थाना अकलतरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने ट्रैक्टर-ट्रॉली किराए पर ली थी, जिसे आरोपी काम के बहाने लेकर वापस नहीं लौटा। बार-बार संपर्क करने पर आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में फरार हो गया।
पूछताछ में बड़े खुलासे
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह किराए पर लिए ट्रैक्टरों को फर्जी शपथ पत्र के जरिए बेचता था.अलग-अलग नामों से किसानों को धोखा देता था। वह अकलतरा, पामगढ़ और नैला क्षेत्र में कई वारदातों को अंजाम दे चुका है
बरामदगी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से:
- 4 ट्रैक्टर इंजन
- 1 ट्रॉली
बरामद की है, जिनकी कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस की कार्रवाई
थाना अकलतरा में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 187/2026 के तहत धारा 318(4), 316(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।





