छत्तीसगढ़

JANJGIR CHAMPA : कलेक्टर–एसपी ने ली सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, ब्लैक स्पॉट और अवैध कब्जों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रुख

जांजगीर-चांपा / जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) की गहन समीक्षा करते हुए त्वरित एवं स्थायी सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर महोबे ने स्पष्ट कहा कि सड़क किनारे और मोड़ों पर किए गए अवैध कब्जों को चिन्हांकित कर शीघ्र हटाया जाएगा। उन्होंने ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में सांकेतिक बोर्ड, रम्बल स्ट्रिप, कैट आई और आवश्यकता अनुसार स्पीड ब्रेकर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही मोड़ और दुर्घटनाजन्य स्थलों पर नियमित खरपतवार कटाई कर दृश्यता बढ़ाने पर भी जोर दिया।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जहां ग्राम सड़कें स्टेट हाईवे या नेशनल हाईवे से मिलती हैं, वहां मानक अनुरूप स्पष्ट संकेतक अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, ताकि वाहन चालकों को समय रहते जानकारी मिल सके। दुर्घटना की सूचना मिलने पर रिस्पॉंस टाइम कम करने और घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सीएमएचओ को समन्वय एवं व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने कहा कि यातायात नियमों का कड़ाई से पालन और प्रभावी प्रवर्तन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संकेतक, स्पीड कंट्रोल उपायों के साथ नियमित वाहन फिटनेस टेस्ट और वाहन चालकों का आई-टेस्ट सुनिश्चित करने पर बल दिया। साथ ही खोखरा से पामगढ़ रोड में दुर्घटनाजन्य स्थलों का चिन्हांकन कर संयुक्त निरीक्षण करने एवं आवश्यक सुधार शीघ्र कराने के निर्देश दिए।

एसपी ने ओवरलोड वाहनों की नियमित जांच, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई तथा सड़क सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, जिला परिवहन अधिकारी गौरव साहू सहित एनएच, पीडब्ल्यूडी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button