JANJGIR CHAMPA: सरखों धान खरीदी केंद्र के गेट पर किसानों का धरना, सत्यापन के बाद भी धान नही लेने का आरोप

जांजगीर-चांम्पा / जिला मुख्यालय के समीप ग्राम सरखों में धान विक्रय टोकन नहीं कटने की समस्या को लेकर किसानों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। नाराज किसानों ने विरोध स्वरूप सरखों धान खरीदी केंद्र में ताला जड़ दिया और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके साथ ही किसानों ने कलेक्टर जांजगीर-चांपा एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जांजगीर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
किसानों का कहना है कि वे प्रतिवर्ष अपनी धान फसल का विक्रय करते आ रहे हैं, लेकिन वर्ष 2025-26 में धान विक्रय का पंजीयन एवं भौतिक सत्यापन हो जाने के बावजूद अब तक धान विक्रय टोकन नहीं काटा जा रहा है। इसके कारण किसानों का धान कोठारों में पड़ा हुआ है और खरीदी नहीं हो पा रही है।
धान विक्रय नहीं होने से किसानों को केसीसी ऋण चुकाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खाद, बीज, दवा, ट्रैक्टर और हार्वेस्टर जैसे कृषि कार्यों के लिए लिए गए कर्ज का दबाव बढ़ता जा रहा है। किसानों ने बताया कि आर्थिक संकट के कारण उनके परिवारों के सामने भुखमरी जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है।
किसानों ने ज्ञापन में प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द धान विक्रय हेतु टोकन काटकर खरीदी प्रक्रिया शुरू की जाए। किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वे आगे भी आंदोलन को तेज करेंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस दौरान किसानों ने ज्ञापन के साथ धान के भौतिक सत्यापन से संबंधित दस्तावेज़ भी प्रशासन को सौंपे।





