देश

POISONOUS LIQUOR : जहरीली शराब पीने से 29 लोगों की मौत, 60 से अधिक बीमार

poisonous liquor

तमिलनाडु के कल्लाकुरिची से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां जहरीली शराब पीने से 29 लोगों की मौत हो गई है । वही 60 से अधिक लोग अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती है। पुलिस के मुताबिक मौत का आंकड़ा बढ़ने की उम्मीद है। घटना के बाद राज्य सरकार एक्शन में आ गई है। मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए सरकार ने कल्लाकुरिची के कलेक्टर-एसपी को हटा दिया है। राज्य सरकार ने मामले की जांच CB-CID की सौंप दी है। मौके पर स्वास्थ्य मंत्री एम. सुब्रमण्यम सहित स्टालिन सरकार के तीन मंत्री मामले की निगरानी कर रहे है।

मिली जानकारी के अनुसार, तमिलनाडु के कल्लाकुरिची में जहरीली शराब पीकर 29 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 60 से ज्यादा लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक इन लोगों ने पैकेट में मिलने वाली शराब पी थी। कल्लाकुरिची जिले के करुणापुरम में हुई घटना के पीड़ितों में ज्यादातर दिहाड़ी मजदूर हैं। शराब पीने के बाद रात होते-होते इन लोगों को दस्त, उल्टी, पेट दर्द और आंखों में जलन होने लगी। पुलिस ने इस मामले में गोविंदराज उर्फ कन्नुकुट्टी (49) को गिरफ्तार किया है। उसके पास से लगभग 200 लीटर जहरीली शराब बरामद हुई है, जिसमें मेथनॉल मिला हुआ है।

कल्लाकुरिची में 12 एंबुलेंस तैनात हैं। पुलिस के मुताबिक मरने वालों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने पर मौत की असली वजह सामने आएगी। पीड़ितों के इलाज के लिए विल्लुपुरम, तिरुवन्नामलाई और सलेम से दवाइयां मंगाई गई हैं। डॉक्टरों की विशेष टीमों को कल्लाकुरिची अस्पताल बुलाया गया है। स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।

वही राज्य सरकार ने मामले की जांच CB-CID की सौंप दी है। साथ ही कल्लाकुरिची कलेक्टर श्रवण कुमार जाटवथ का ट्रांसफर किया है, जबकि एसपी समय सिंह मीना को सस्पेंड किया है। इनकी जगह एमएस प्रशांत को कलेक्टर और रजत चतुर्वेदी को SP नियुक्त किया है। इसके अलावा कल्लकुरिची जिले की निषेध शाखा के पुलिसकर्मियों समेत कई पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया है। सीएम स्टालिन ने मंत्री ईवी वेलु और सुब्रमण्यम को प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए कल्लाकुरिची भेजा है।

सीएम ने जताया दुख
मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए अपना दुख जाहिर किया है। उन्होंने कहा, कल्लाकुरिची में मिलावटी शराब पीने से लोगों की मौत की खबर सुनकर मैं स्तब्ध और दुखी हूं। कई और पीड़ित गंभीर हालत में हैं और जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है और अस्पतालों में भर्ती लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। इस मामले में अपराध में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही इसे रोकने में विफल रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।

Related Articles

Back to top button