छत्तीसगढ़

JANJGIR CHAMPA NEWS: शेयर मार्केट के नाम पर 8.45 करोड़ की ठगी, पुलिस ने पश्चिम बंगाल से आरोपी को किया गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा | छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 8.45 करोड़ रुपये की बड़ी ठगी का खुलासा हुआ है। थाना चांपा पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

आरोपी के कब्जे से एक क्रेटा कार, 12 अलग-अलग बैंकों के चेकबुक, 09 डेबिट कार्ड, 08 क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, 03 महंगे मोबाइल फोन और 30,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

कैसे हुई 8.45 करोड़ की ठगी?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी भूधर प्रसाद देवांगन (38 वर्ष), निवासी अखराभांठा, सक्ती ने 30 जनवरी 2026 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में उनकी पहचान कोलकाता निवासी विश्वजीत देबनाथ से हुई थी। आरोपी ने शेयर मार्केट में निवेश पर हर महीने 5% ब्याज देने और अधिक लोगों को जोड़ने पर अतिरिक्त लाभ का लालच दिया।

आरोपी के झांसे में आकर प्रार्थी एवं अन्य लोगों ने मिलकर कुल ₹8,45,00,000 नगद, RTGS, NEFT और चेक के माध्यम से निवेश किए। शुरुआत में कुछ निवेशकों को 1–8 माह तक ब्याज दिया गया, लेकिन बाद में कंपनी में घाटा बताकर भुगतान बंद कर दिया गया।

पुलिस कार्रवाई: पश्चिम बंगाल से गिरफ्तारी

मामले में थाना चांपा में अपराध क्रमांक 35/26 के तहत धारा 420, 34 भादवि में अपराध पंजीबद्ध किया गया। जांच के दौरान मुखबिर सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी को ईटला पोडा पारा, पोस्ट कालीघाट, थाना कोतवाली कृष्णानगर, जिला नदिया (पश्चिम बंगाल) से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि ठगी की रकम से उसने एक क्रेटा कार खरीदी, सोना खरीदा (आईडीबीआई बैंक में रखा), घर का रंग-रोगन कराया. संपत्ति से संबंधित दस्तावेज घर में रखे है।

पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आगे की जांच जारी है।

जब्त सामग्री

  • 1 क्रेटा कार, 12 बैंक चेकबुक, 09 डेबिट कार्ड, 08 क्रेडिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, 03 महंगे मोबाइल, ₹30,000 नकद

पुलिस टीम का सराहनीय योगदान

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उप निरीक्षक उमेन्द्र मिश्रा, आरक्षक आदित्य प्रताप, गोपेश्वर सिंह, महिला आरक्षक निरमा टोप्पों एवं साइबर टीम से प्रधान आरक्षक विवेक सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

निवेशकों के लिए चेतावनी

विशेषज्ञों के अनुसार, शेयर मार्केट में फिक्स 5% मासिक रिटर्न जैसे ऑफर अक्सर फ्रॉड का संकेत होते हैं। निवेश से पहले कंपनी की वैधता और रजिस्ट्रेशन की जांच अवश्य करें।

Related Articles

Back to top button