छत्तीसगढ़

JANJGIR CHAMPA NEWS : अंतर जिला चोर गिरोह का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जांजगीर-चांपा / जिले की चांपा थाना पुलिस और साइबर टीम ने अंतर जिला चोर गिरोह को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी के एक गंभीर मामले में दो चोरों और एक खरीददार सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण और खरीददार के पास से सोना गलाने के उपकरण भी बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में सत्य प्रकाश महंत, अनिल काले और मोहन मिंज शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि गिरोह के तीन अन्य सदस्य अब भी फरार हैं।

20251207 190027 Console Crptech

कैसे खुला चोरी का मामला — पूरा घटनाक्रम

8 नवंबर 2025 को आनंद विहार कॉलोनी सिवनी चांपा निवासी धनीराम देवांगन ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए गए। घटना तब हुई जब वे अपने भतीजे के दसगात्रा कार्यक्रम में शामिल होकर रात करीब 10:30 बजे घर लौटे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और SDOP चांपा यदुमणी सिदार के निर्देशन में चांपा थाना और साइबर सेल की एक संयुक्त टीम बनाई गई।

CCTV व तकनीकी साक्ष्य ने खोला राज

टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले। चोरी गए मोबाइल की तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने कोरबा में छापामारी कर दो आरोपियों सत्य प्रकाश महंत और मोहन मिंज को पकड़ा। शुरुआत में दोनों गुमराह करते रहे, लेकिन कठोर पूछताछ में उन्होंने चोरी की वारदात स्वीकार की और बताया कि यह काम उन्होंने कुल पाँच साथियों के साथ मिलकर किया था।

दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने खरीददार अनिल काले (सोनार) को गिरफ्तार किया। उसने चोरी के सोने-चांदी को गलाने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से सोना गलाने के उपकरण और पिघला हुआ सोना-चांदी बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपी

  1. सत्य प्रकाश महंत, 19 वर्ष, निवासी जैन मंदिर के पीछे बुधवारी चौक, कोरबा
  2. अनिल काले, 44 वर्ष, सोनार, निवासी रामसागर पारा, कोरबा
  3. मोहन मिंज, 24 वर्ष, निवासी नेहरू नगर कुआं भट्टा, कोरबा

जांच में अन्य तीन आरोपियों की संलिप्तता भी सामने आई है, जो वर्तमान में फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।

Related Articles

Back to top button