JANJGIR CHAMPA NEWS : ठगी के मामले में 10 साल से फरार चल रहे आरोपी को जांजगीर पुलिस ने किया गिरफ्तार

fraud Arrested
जांजगीर-चांम्पा / जांजगीर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। 10 वर्षों से फरार चल रहे ठगी के आरोपी धनिश डेनियल को पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर नौकरी दिलाने के नाम पर एक महिला से ₹70,000 की ठगी की थी।
यह मामला वर्ष 2016 का है, जिसमें आरोपी धनिश डेनियल पिता डेनियल राम, उम्र 50 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 06 अकलतरा, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा, तथा उसका साथी दीपक ताण्डी द्वारा पीड़िता कांति विश्वास (निवासी भाठापारा, जांजगीर) से नौकरी लगाने के नाम पर नकद ₹70,000 ऐंठ लिए गए थे। जब तय समय में नौकरी नहीं मिली तो पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
इस शिकायत पर थाना जांजगीर में अपराध क्रमांक 97/16 धारा 420, 34 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले में एक आरोपी को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है, जबकि धनिश डेनियल घटना के बाद से फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में, तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में, सीएसपी कविता ठाकुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर आरोपी के निवास स्थान पर दबिश दी गई, जहाँ से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया, जिसके पश्चात उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय, प्रधान आरक्षक राकेश राठौर, एवं आरक्षक राजू लाठेवाल की सराहनीय भूमिका रही।