
जांजगीर-चांपा। जिले की जांजगीर चांपा पुलिस ने सिटी कोतवाली क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान एक युवक को धारदार हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि वह हाईवे रोड स्थित जगमोहन पेट्रोल पंप के पास बस स्टैंड यात्री प्रतीक्षालय में बटनदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा रहा था।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक हथियार लेकर लोगों में भय फैला रहा है। सूचना मिलते ही मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (भापुसे) को दी गई। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और CSP योगिता खापर्डे के मार्गदर्शन में तत्काल टीम को रवाना किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम तुषार कश्यप (20 वर्ष), निवासी पेण्ड्री, जांजगीर बताया।
एक बटनदार चाकू जब्त
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक नग बटनदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस टीम का विशेष योगदान
इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी सिटी कोतवाली), उप निरीक्षक भागवत डहरिया, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, आरक्षक वाल्मीकि राठौर और नीतीश विश्वकर्मा का विशेष योगदान रहा।
कानून व्यवस्था को लेकर सख्त रुख
जिले के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर डराने-धमकाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की सतत पेट्रोलिंग और त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत रखने का प्रयास किया जा रहा है।





