छत्तीसगढ़

Korba News: रिश्वत लेते पटवारी का वीडियो वायरल, SDM ने किया सस्पेंड

कोरबा / छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक पटवारी का किसान से कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पटवारी को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक वीडियो में दिखाई दे रहे पटवारी का नाम विनोद अग्रवाल है, जो पसान तहसील क्षेत्र में पदस्थ हैं।

पिता की मौत के बाद नामांतरण के लिए भटकता रहा किसान

बताया जा रहा है कि पिपरिया गांव निवासी किसान जीवन कुमार अपने पिता के निधन के बाद जमीन का फौती नामांतरण कराने के लिए पटवारी कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि सरकारी प्रक्रिया पूरी करने के बदले उनसे रिश्वत की मांग की गई।

परेशान किसान ने मजबूरी में पटवारी को पैसे दिए। इसी दौरान वहां मौजूद किसी ग्रामीण ने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि पसान तहसील क्षेत्र के सरकारी दफ्तरों में बिना पैसे दिए कोई भी काम आसानी से नहीं होता। खासकर गरीब और आदिवासी किसानों को सबसे ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों का कहना है कि छोटे-छोटे सरकारी कार्यों के लिए भी लोगों को बार-बार दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।

SDM मनोज बंजारे का सख्त एक्शन

वीडियो वायरल होने के बाद पोड़ी उपरोड़ा के एसडीएम मनोज बंजारे ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल कार्रवाई करते हुए पटवारी विनोद अग्रवाल को सस्पेंड कर दिया।

एसडीएम ने कहा कि गरीब किसानों के साथ भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

Viral Video

Related Articles

Back to top button