छत्तीसगढ़

जेल में विचाराधीन कैदी की संदिग्ध मौत, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

बलरामपुर/रामानुजगंज। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के जिला जेल रामानुजगंज में हत्या के आरोप में बंद 42 वर्षीय विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान विष्णु कुमरिया (42 वर्ष) निवासी ग्राम सीतारामपुर पाट, थाना पस्ता के रूप में हुई है। वह 15 नवंबर 2023 को दर्ज एक हत्या प्रकरण में न्यायिक हिरासत में जेल में निरुद्ध था।

पेट दर्द और दस्त की शिकायत के बाद बिगड़ी तबीयत

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम को कैदी ने पेट दर्द और दस्त की शिकायत की थी। जेल प्रशासन द्वारा उसे तत्काल उपचार के लिए 100 बिस्तर अस्पताल रामानुजगंज में भर्ती कराया गया। शाम करीब 6 बजे से रात 9 बजे तक इलाज के बाद उसे वापस जिला जेल लाया गया।

शनिवार सुबह लगभग 9:45 बजे उसकी तबीयत फिर से बिगड़ने की सूचना जेल प्रशासन को मिली। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे दोबारा अस्पताल ले जाया गया, जहां सुबह 10:30 बजे चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टर और जेल प्रशासन का बयान

अस्पताल अधीक्षक डॉ. शरद चंद्र गुप्ता ने बताया कि चिकित्सकीय परीक्षण के बाद 10:30 बजे मृत्यु की पुष्टि की गई। वहीं जेलर वाल्मीकि ध्रुव के अनुसार, शनिवार सुबह भी कैदी को पेट दर्द और दस्त की शिकायत थी। स्थिति बिगड़ते ही उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों को सूचना, पोस्टमार्टम बाकी

घटना की जानकारी मृतक के परिजनों और संबंधित उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। समाचार लिखे जाने तक परिजन अस्पताल नहीं पहुंचे थे और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी।

प्रशासन ने मामले में मजिस्ट्रियल जांच कराने के आदेश दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button