छत्तीसगढ़

JANJGIR CHAMPA NEWS: प्रधानमंत्री आवास घोटाला! दिव्यांग की पहली किस्त किसी और के खाते में डाल दी, कलेक्टर से हुई शिकायत

PM आवास घोटाला!

जांजगीर-चांपा / सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना, जो गरीबों को सिर छुपाने की छत देने का वादा करती है, उसी योजना में एक दिव्यांग मजदूर के साथ ऐसा अन्याय हुआ जिसने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नवागढ़ विकासखंड के ग्राम सरखो निवासी राम सिंह चौहान, जो लकवाग्रस्त है और चलने-फिरने में असमर्थ हैं, आज भी एक जर्जर कच्चे मकान में रहने को मजबूर हैं।

राम सिंह चौहान के नाम से प्रधानमंत्री आवास योजना स्वीकृत हुई थी। उम्मीद थी कि अब परिवार को पक्की छत मिलेगी, लेकिन उनकी खुशी उस समय टूट गई जब पता चला कि योजना की पहली किस्त किसी अन्य व्यक्ति के बैंक खाते में डाल दी गई। पीड़ित का कहना है कि आज तक उसे इस योजना की एक भी राशि नहीं मिली।

जर्जर मकान, हर पल हादसे का डर

बरसात के मौसम में उनका कच्चा मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। टूटी दीवारें और कमजोर ढांचा हर दिन जान का खतरा बना हुआ है। दिव्यांग राम सिंह चलने में असमर्थ हैं और उनकी पत्नी ही उन्हें सहारा देकर रोजमर्रा की जिंदगी संभाल रही हैं।

पांच महीने से दफ्तरों के चक्कर

पीड़ित परिवार पिछले पांच महीनों से पंचायत और जनपद कार्यालयों के चक्कर काट रहा है। हर बार उन्हें आश्वासन दिया गया, लेकिन न तो राशि वापस मिली और न ही किसी जिम्मेदार पर कार्रवाई हुई।

कलेक्टर कार्यालय तक पहुंची पीड़ा

थक-हारकर राम सिंह चौहान ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और प्रधानमंत्री आवास योजना की पूरी राशि तत्काल दिलाने की मांग की है।

सवालों के घेरे में व्यवस्था

यह मामला न केवल एक गरीब दिव्यांग परिवार की पीड़ा को उजागर करता है, बल्कि यह भी सवाल खड़ा करता है कि आखिर गरीबों की योजनाओं का लाभ किसे और कैसे मिल रहा है?

Related Articles

Back to top button