छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई: 12 ट्रैक्टर और 3 हाईवा जब्त

कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग की छापेमार कार्रवाई, रेत, मिट्टी और चूनापत्थर के अवैध परिवहन पर शिकंजा

जांजगीर-चांपा, 24 मार्च 2026। जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल ने विभिन्न क्षेत्रों में छापेमार कार्रवाई करते हुए अवैध खनिज परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए औचक निरीक्षण किया।

खनिज विभाग की टीम ने केवा, नवापारा, भादा, पुछेली, पिपरदा, बम्हनीडीह, केराकछार, खोरसी, देवरघटा और शिवरीनारायण सहित कई इलाकों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रूप से खनिज रेत, मिट्टी (ईंट) और चूनापत्थर का परिवहन करते हुए कुल 15 प्रकरण दर्ज किए गए।

कार्रवाई के दौरान 12 ट्रैक्टर और 3 हाईवा वाहन जब्त किए गए। इनमें रेत के अवैध परिवहन के 9 मामले (6 ट्रैक्टर, 3 हाईवा), मिट्टी के 3 मामले (3 ट्रैक्टर) और चूनापत्थर के 3 मामले (3 ट्रैक्टर) शामिल हैं।

जब्त किए गए सभी वाहनों को संबंधित थाना क्षेत्रों — शिवरीनारायण, पामगढ़, बिर्रा, पंतोरा तथा पुलिस लाइन जांजगीर में सुरक्षित रखा गया है।

खनिज अधिकारी ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 से 23(ख) के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button