
अप्रैल 2025 में बेटी के होने वाले दूल्हे संग भागकर की थी शादी, अब फरवरी 2026 में फिर बदला साथी | पीड़ित राहुल ने पुलिस से लगाई गुहार
अलीगढ़ / उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से एक ऐसी प्रेम कहानी सामने आई है जिसने रिश्तों की सारी मर्यादाएं तोड़ दी हैं। अप्रैल 2025 में अपनी ही बेटी के होने वाले दूल्हे के साथ फरार होकर शादी करने वाली महिला ने अब 10 महीने बाद एक और बड़ा मोड़ दे दिया है।
जानकारी के अनुसार, दामाद को पति बनाने वाली सपना देवी अब उसे भी छोड़कर अपने बहनोई (जीजा) के साथ फरार हो गई है। पीड़ित राहुल कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि सपना घर से 2 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर लेकर भागी है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला थाना दादों क्षेत्र के गांव मछरिया नगला का है। राहुल कुमार की शादी अप्रैल 2025 में थाना मडराक क्षेत्र के गांव मनोहरपुर में तय हुई थी। सगाई के बाद राहुल की बातचीत अपनी होने वाली सास सपना देवी से फोन पर होने लगी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह रिश्ता प्यार में बदल गया।
शादी से महज 12 दिन पहले दोनों घर से फरार हो गए। उस समय पुलिस ने दोनों को बरामद किया था, लेकिन बालिग होने और साथ रहने की इच्छा जताने पर लिखित बयान लेकर छोड़ दिया गया था।
बिहार में शुरू हुई नई जिंदगी, फिर मिला धोखा
राहुल ने बताया कि वह सपना को लेकर बिहार चला गया, जहां वह फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करता था। दोनों साथ रह रहे थे, लेकिन 6 फरवरी 2026 को सपना ने उसे धोखा दे दिया।
राहुल के मुताबिक, “वह मेरे कमाए हुए 2 लाख रुपये और सारे गहने लेकर अपने बहनोई (जीजा) के साथ भाग गई है। अब मैं न घर का रहा, न घाट का।”
पुलिस ने क्या कहा?
राहुल ने दादों थाने में प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन पुलिस ने क्षेत्राधिकार (Jurisdiction) का हवाला देकर कार्रवाई से इनकार कर दिया। थाना प्रभारी सरिता द्विवेदी ने कहा कि घटना बिहार की है, इसलिए अलीगढ़ से कार्रवाई संभव नहीं है।
समाज में चर्चा का विषय बना मामला
पहले बेटी के दूल्हे संग भागकर शादी और अब पति को छोड़कर जीजा के साथ फरारी — यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर भी यह खबर तेजी से वायरल हो रही है।





