रिश्तों का कत्ल: भांजे ने मामा को चाकू से गोदा, मां से अवैध संबंध के शक में हत्या
दक्षिण दिल्ली में सनसनीखेज वारदात, आरोपी फरार; पुलिस की कई टीमें तलाश में जुटीं

क्राइम डेस्क: देश की राजधानी दिल्ली में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक भांजे ने अपने ही मामा की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या की वजह आरोपी का अपनी मां और मामा के बीच कथित अवैध संबंध को लेकर शक बताया जा रहा है।
मृतक की पहचान 22 वर्षीय अमन कुमार के रूप में हुई है, जो दक्षिण दिल्ली के मदनगीर इलाके का रहने वाला था। अमन पेशे से कारपेंटर था और अपने भाई के साथ काम करता था। आरोपी रोहित (18) अमन की ममेरी बहन का बेटा है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रोहित को लंबे समय से शक था कि उसकी मां और अमन के बीच अवैध संबंध हैं। इसी शक और रंजिश के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
रास्ते में रोका और बरसाए चाकू के वार
घटना शनिवार की बताई जा रही है, जब अमन अपनी बहन से मिलने निहाल विहार गया था। कुछ समय घर पर बिताने के बाद वह अपनी बहन के साथ पश्चिम विहार के लिए निकला।
इसी दौरान रास्ते में आरोपी रोहित ने उनका रास्ता रोक लिया। अमन कुछ समझ पाता, उससे पहले ही रोहित ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में अमन को संभलने का मौका नहीं मिला और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।वा रदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल में हुई मौत
स्थानीय लोगों की मदद से अमन को तुरंत संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि चाकू के घाव बेहद गहरे थे, जिससे उसकी जान नहीं बच सकी।
पुलिस कर रही तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पश्चिम विहार वेस्ट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





