
CRIME NEWS: सोशल मीडिया से शुरू हुआ एक अवैध प्रेम संबंध आखिरकार एक दिल दहला देने वाली हत्या में तब्दील हो गया। मुजफ्फरपुर में नगर थाना क्षेत्र के गोला रोड स्थित दुर्गा स्थान मंदिर के पास केपी पथ गली में मंगलवार देर रात पान मसाला दुकानदार मनोज कुमार की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी निशु कुमारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
Instagram स्टोरी बनी विवाद की जड़
पुलिस जांच में सामने आया है कि मनोज कुमार की पत्नी निशु कुमारी का पड़ोस में रहने वाले युवक मिंटू कुमार से अवैध प्रेम संबंध था, जिसकी शुरुआत Instagram के जरिए हुई थी। घटना वाले दिन निशु द्वारा इंस्टाग्राम पर प्रेमी के साथ स्टोरी पोस्ट किए जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच जमकर विवाद हुआ।
घर छोड़ने के बाद रची गई हत्या की साजिश
विवाद के बाद पत्नी घर छोड़कर चली गई। देर रात उसने फोन कर मनोज कुमार को बाहर बुलाया, जहां पहले से घात लगाए आरोपियों ने धारदार हथियार से उसका गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
परिजनों को पहले से थी पत्नी पर शंका
मृतक की मां और मामी ने पहले ही मनोज की पत्नी पर हत्या की आशंका जताई थी। इसी आधार पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम की मदद से भी जांच कराई है।
पत्नी गिरफ्तार, प्रेमी और साले की तलाश जारी
गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए टाउन डीएसपी सुरेश कुमार ने बताया कि 3 फरवरी को नगर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या हुई थी। मृतक की मां के बयान पर केस दर्ज किया गया। जांच में पत्नी के प्रेम संबंध की पुष्टि हुई है। फिलहाल पत्नी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि प्रेमी मिंटू कुमार और मृतक के साले की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।





