News

होटल में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, पंजाब की 3 महिलाएं रेस्क्यू

शिमला-मटौर नेशनल हाईवे किनारे होटल में चल रहा था अवैध कारोबार, संचालक पर केस दर्ज

होटल पर पुलिस छापा

हमीरपुर | जिला हमीरपुर के टियाले दा घट्ट क्षेत्र में शिमला-मटौर नेशनल हाईवे के पास स्थित एक निजी होटल में पुलिस ने छापेमारी कर देह व्यापार के एक मामले का खुलासा किया है। पुलिस थाना सदर की टीम ने यह कार्रवाई थाना प्रभारी कुलवंत सिंह राणा के नेतृत्व में की, जिसमें तीन महिलाओं को रेस्क्यू किया गया है।

Polish 20260406 160617880 Console Crptech

पुलिस को लंबे समय से इस होटल में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए होटल में दबिश दी। छापेमारी के दौरान पंजाब की तीन महिलाओं को मौके से बरामद किया गया।

रेस्क्यू की गई महिलाओं को तत्काल मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया और बाद में उन्हें उपमंडलाधिकारी हमीरपुर के समक्ष पेश कर उनके बयान दर्ज किए गए। इसके बाद तीनों महिलाओं को वन स्टॉप सेंटर हमीरपुर में सुरक्षित रखा गया है, जहां उनकी काउंसलिंग और सुरक्षा की व्यवस्था की गई है।

मामले में पुलिस ने होटल संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होटल का उपयोग लंबे समय से अवैध गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान करने में जुटी हुई है।

डीएसपी हमीरपुर राजेश उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में तीन महिलाओं और होटल संचालक के खिलाफ पीटा एक्ट की धारा 4, 5 और 6 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि जिला हमीरपुर में इस तरह का यह पहला मामला सामने आया है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में इस प्रकार के अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button