शराब पीने से रोकने पर बेटे ने मां पर टांगी से किया जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार
नवागढ़ थाना क्षेत्र की घटना, आरोपी दयाशंकर कश्यप को पुलिस ने पकड़कर भेजा जेल

जांजगीर-चांपा / छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नवागढ़ थाना क्षेत्र में शराब पीने से रोकने पर बेटे ने अपनी ही मां पर टांगी से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद नवागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी दयाशंकर कश्यप (34 वर्ष) निवासी पोड़ी, थाना नवागढ़ का अपनी मां के साथ शराब पीने को लेकर अक्सर विवाद होता था। 11 मार्च 2026 की सुबह भी उसकी मां ने उसे शराब पीने से मना किया, जिससे दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।
गुस्से में आकर दयाशंकर कश्यप ने घर में रखी टांगी से अपनी मां के गले पर प्राणघातक हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और काफी खून बहने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही नवागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 91/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।





