छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा में उर्वरक जमाखोरी पर सख्ती, कई दुकानों को नोटिस जारी

कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर कृषि विभाग की कार्रवाई, स्टॉक में गड़बड़ी मिलने पर नोटिस

जांजगीर-चांपा | जिले में किसानों को समय पर और गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने जमाखोरी और अनियमितताओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार जिला एवं विकासखंड स्तर पर निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है।

उप संचालक कृषि राकेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित टीमों ने सोमवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खाद, बीज और कीटनाशक दुकानों की जांच की। इस दौरान जांजगीर के मेसर्स कश्यप कृषि केन्द्र और चांपा के मेसर्स दिशा सेल्स का निरीक्षण किया गया, जहां पीओएस मशीन और भौतिक स्टॉक का मिलान सही पाया गया। हालांकि संचालकों को भविष्य में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

वहीं नवागढ़ विकासखंड में मेसर्स नानकचंद नंद किशोर के यहां पीओएस और स्टॉक में अंतर पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। इसी तरह बलौदा विकासखंड के पिसौद और जर्वे क्षेत्र की चार दुकानों—मेसर्स कश्यप कृषि केन्द्र, हर्षिता कृषि केन्द्र, योगेश कश्यप कृषि केन्द्र और तरुण ट्रेडर्स—में भी अनियमितताएं सामने आने पर नोटिस जारी किए गए हैं।

पामगढ़ विकासखंड के भिलौनी और धनगांव स्थित सेवा सहकारी समितियों में स्टॉक सही पाया गया, जबकि बम्हनीडीह के चोरिया स्थित क्रांति कृषि केन्द्र और आरएसएस ट्रेडर्स में गड़बड़ी मिलने पर विभाग ने कार्रवाई की है।

कृषि विभाग ने साफ किया है कि किसानों के हितों के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग द्वारा आगे भी लगातार निरीक्षण अभियान जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button