सक्ती में आक्रामक बंदर का सफल रेस्क्यू, वन विभाग ने सुरक्षित जंगल में छोड़ा
मालखरौदा क्षेत्र में कई दिनों से दहशत का कारण बना था बंदर, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

सक्ती, 05 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के मालखरौदा क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से आक्रामक नर बंदर के हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था। लगातार हो रही घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने विशेष रेस्क्यू अभियान चलाकर बंदर को सफलतापूर्वक पकड़ लिया और सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वनमंडलाधिकारी जांजगीर-चांपा हिमांशु डोंगरे के निर्देशन एवं उपवनमंडलाधिकारी सक्ती शिवेन्द्र साहू के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। इसमें सक्ती वन परिक्षेत्र की टीम, जांजगीर-चांपा उड़नदस्ता दल, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय गोसेवक सदस्यों ने मिलकर अहम भूमिका निभाई।
लगातार 3 से 4 दिनों तक निगरानी रखने के बाद सुनियोजित रणनीति के तहत बंदर को सुरक्षित तरीके से पकड़ने में सफलता मिली। इस अभियान में बिलासपुर स्थित कानन पेंडारी जूलॉजिकल गार्डन से आए विशेषज्ञ डॉ. पी.के. चन्दन और उनकी टीम का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
रेस्क्यू के बाद बंदर का प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसके बाद उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया। बंदर के हमलों में घायल ग्रामीणों को तुरंत प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया और वन विभाग द्वारा नियमानुसार सहायता राशि भी प्रदान की गई।
वन विभाग और जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे वन्य जीवों के प्रति सतर्कता और संयम बनाए रखें तथा किसी भी असामान्य गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें।





